लोगों पर अपनी कविताओं का जादू चलाने वाले लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास पिछले लंबे वक्त से लगातार कंट्रोवर्सी का हिस्सा बने हुए हैं। जहां हाल ही में उन्होंने सोनाक्षी को रामायण पढ़ाने की बात कही थी तो वहीं अब एक बार फिर उन्होंने बॉलीवुड के एक और कपल पर निशाना साधा है। इसके चलते उन्होंने एक बार फिर एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। कवि ने हाल ही में अपने एक कार्यक्रम के दौरान बच्चे का नाम तैमूर रखने पर बिना सैफ अली खान और करीना कपूर का नाम लिए उन पर निशाना साधा है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जिसने हिंदुस्तान की मां-बेटियों संग रेप किया, वही लफंगा मिला था बच्चे का नाम रखने के लिए?
एक ही नाम मिला
दरअसल, कुमार विश्वास ने हाल ही में यूपी के मुरादाबाद में एक कार्यक्रम किया है। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर बात की, लेकिन उनका एक स्टेटमेंट इस समय काफी सुर्खियों में बना हुआ है। क्योंकि उन्होंने बिना किसी का नाम लिए हुए करीना कपूर और सैफ अली खान पर हमला बोला है। कुमार विश्वास ने कहा, ‘मायानगरी में बैठे लोगों को समझना होगा कि देश क्या चाहता है। यह चलेगा नहीं कि लोकप्रियता और पैसे हमसे लोगे, लेकिन जब औलाद होगी तो उसका नाम बाहर से आने वाले किसी आक्रमणकारी के नाम पर रख लोगे, यह नहीं चलेगा। इतने नाम पड़े हैं, कुछ भी रख लेते। जैसे- रिजवान, उस्मान या कुछ भी। क्या एक ही नाम मिला?’
खलनायक तक नहीं बनने देंगे
इतना ही नहीं उन्होंने आगे यह भी कहा, ‘जिस लंगड़े आदमी (आक्रमणकारी तैमूर) ने हिंदुस्तान में आकर मां-बेटियों के साथ बलात्कार किया, वही लफंगा ही मिला इस प्यारे से बच्चे का नाम रखने के लिए? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘अब अगर इसे हीरो बनाओगे तो खलनायक तक नहीं बनने देंगे, ध्यान रखना। भारत जागा हुआ है, यह नया भारत है।’ कवि ने इस पूरे बयान में कहीं भी करीना और सैफ अली खान का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन बिना नाम लिए ही उनके इस बयान को सुनकर हर कोई इसे करीना और सैफ के बेटे तैमूर से जोड़ रहा है।
बेटे का नाम तैमूर
उन्होंने इस पूरे बयान में बॉलीवुड का भी जिक्र किया है और बॉलीवुड स्टार किड की बात करें तो सैफ और करीना ने ही अपने बेटे का नाम तैमूर रखा है। इतना ही नहीं जब कपल ने अपने बेटे का नाम तैमूर रखा था, उस समय भी इसको लेकर बहुत ज्यादा विवाद खड़ा हुआ था। साथ ही तरह-तरह के सवाल भी उठाए गए थे, जिसके बाद अब ये नाम एक बारे फिर कंट्रोवर्सी का हिस्सा बन गया है।