केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में बढ़ते अपराधों के लिए महागठबंधन सरकार की खिंचाई की - Punjab Kesari
Girl in a jacket

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में बढ़ते अपराधों के लिए महागठबंधन सरकार की खिंचाई की

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश कुमार नीत सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश कुमार नीत सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि ‘‘हत्या, बलात्कार और अपहरण की घटनाओं में पिछले साल अगस्त में ‘‘महागठबंधन’’ सरकार के सत्ता में आने के बाद से कई गुना वृद्धि हुई है।’’
नित्यानंद ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि बिहार में पिछले सात महीनों में गंभीर अपराध की 4848 घटनाएं हुई हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने आपराधिक घटनाओं का रिकॉर्ड साझा करते हुए ट्वीट किया है, ‘‘नौ अगस्त, 2022 को नीतीश-तेजस्वी की सरकार बिहार में बनी। तबसे लेकर आजतक 4848 अपराध की घटनाएं बिहार में हुई हैं। इनमे से 2070 हत्याएं, 345 ब्लात्कार, 144 अपहरण तथा 700 हत्या के प्रयास के मामले हुए हैं।’’
राय ने ‘महागठबंधन सरकार’ पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए लिखा है, ‘‘हत्या, लूट, दुष्कर्म से त्रस्त बिहार है। अपराधियों की बहार है।…क्योंकि अपराध को पनाह देने वाली बिहार नीतिश-तेजस्वी की सरकार है। बिहार की महागठबंधन सरकार कान में रूई डालकर मौन बैठी है। अपराधी बेखौफ़ वारदातों को अंजाम दे रहे।’’
उन्होंन यह भी दावा किया कि ‘‘भाजपा आएगी- अपराध जाएगा।’’
नित्यानंद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद के वरिष्ठ नेता और पार्टी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं को विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा शासित राज्यों में पुलिस हिरासत में लोग मारे जा रहे हैं। महागठबंधन सरकार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।