लालू , नीतीश का 'ठगबंधन' अब 'लठबंधान' में बदलने वाला है : विजय कुमार सिन्हा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

लालू , नीतीश का ‘ठगबंधन’ अब ‘लठबंधान’ में बदलने वाला है : विजय कुमार सिन्हा

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने यहां कहा कि जिस तरह राजद और जदयू

पटना, (संवाददाता  )   : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने यहां कहा कि जिस तरह राजद और जदयू के नेता गुत्थमगुत्था कर रहे उससे तय है कि यह ठगबंधन अब लठबंधन में बदलने वाला है। उन्होंने दावा किया कि यह सरकार 2023 भी पार नहीं कर पाएगी।
उन्होंने नीतीश कुमार की गुरुवार से प्रारंभ हो रही समाधान यात्रा को व्यवधान यात्रा बताते हुए कहा कि वे किसका समाधान करेंगे। श्री सिन्हा ने कहा कि जब वे स्थानीय जन प्रतिनिधि विधायकों, सांसदों से और लोगों से मिलेंगे ही नहीं तो क्या उसी पुरानी चौकड़ी से मिलकर समाधान करेंगे? उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी की यह विदाई यात्रा होगी।
भाजपा के बिहार प्रदेश कार्यालय में जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्या सुनने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि  सरकार बनाने के लिए बड़े भाई (लालू प्रसाद) ने छोटे भाई (नीतीश कुमार) को पीएम बनाने का सपना दिखाया था और छोटे भाई ने बड़े भाई को उनके पुत्र को सीएम बनाने का वादा कर ठगबंधन किया था। अब छोटे भाई को पीएम के रूप में कोई दल तरजीह नहीं दी रहा, इस कारण वे सीएम की कुर्सी नहीं छोड़ रहे। ऐसे में अब यह ठगबंधन लठबंधन में बदलने लगा है। भाजपा के नेता ने एक बार फिर नीतीश कुमार पर विधायिका को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि  आज स्थिति यह हो गई है कि राजद के मंत्रियों का कोई वैल्यू नहीं रह गया है। उप मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा को छोड़कर मुख्यमंत्री सभी विभागों के खुद फैसला ले रहे हैं। 
 जदयू और राजद के भाजपा के साथ सुधाकर सिंह के संबंधों को जोड़ने पर भाजपा के नेता श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा दोहरा चरित्र नहीं खेलता और न ही पीठ पर वार करता है। भाजपा के नेताओं के लिए सत्ता कोई मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा कि भाजपा चाणक्य बनकर चंद्रगुप्त बनाती है। सुधाकर सिंह के भाजपा में आने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि समाज बनाने में विश्वास करने वाले, भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाने वाला, जाति विहीन समाज पर विश्वास करने वाला तथा राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने वाला भाजपा में आ सकता है। सिंह के सीएम पर दिए जा रहे बयान पर उन्होंने कहा कि रोपे पेड़ बबूल के तो आम कहां से होए।
बीएसएससी अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि नौ लाख अभ्यर्थी हैं और पेपर लीक होने के बाद केवल तीन लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द की गई। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आखिर जब पेपर लीक हुआ तो शेष अभ्यर्थियों के परीक्षा रद्द करने में परेशानी क्या है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से हो। सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द नही की गई तो यह आंदोलन पूरे राज्य में फैलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।