बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राज्य में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर तंज कसते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें सड़कों पर यात्रा करने की चुनौती दी है। तेजस्वी गुरुवार को कुशेश्वर अस्थान निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार पर थे।
16 वर्षों के CM नीतीश कुमार को खुली चुनौती देता हूँ कि 16 वर्षों तक उन्हें लगातार विजयी बनाने वाले कुशेश्वर स्थान क्षेत्र में वो एक बार सड़क मार्ग से घुम कर देख लें। अगर उनका भ्रम और कमर की हड्डी ना टूट जाए तो जो कहे!
वो जनता व सच्चाई से डरते है इसलिए हेलिकॉप्टर से उड़ते है। pic.twitter.com/l3cms4OYF0
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 22, 2021
अगर CM ऐसा करते हैं तो उनकी हड्डियां टूट जाएंगी
उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति दिखाते हुए एक वीडियो अपलोड किया और एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के लोग पिछले 16 वर्षों से गड्ढों और कीचड़ वाली सड़कों के साथ रह रहे हैं। तेजस्वी ने कहा, “मैं नीतीश कुमार को इस सड़क पर यात्रा करने की चुनौती देना चाहता हूं, अगर वह ऐसा करते हैं तो उनकी हड्डियां टूट जाएंगी।”
नीतीश कुमार राज्य के लोगों का सामना करने से डरते हैं
राजद नेता ने दावा किया, “नीतीश कुमार राज्य के लोगों का सामना करने से डरते हैं। इसलिए वह चुनाव प्रचार के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं।” तेजस्वी दरभंगा के कुशेश्वर अस्थान और मुंगेर जिले के तारापुर में क्रमश: पार्टी प्रत्याशी गणेश भारती और अरुण कुमार शाह के पक्ष में रोड शो और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों – कुशेश्वर अस्थान और तारापुर में 30 अक्टूबर को उपचुनाव होने जा रहे हैं।