जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर सोनिया, CM नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने जताया दुख - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर सोनिया, CM नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने जताया दुख

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मिश्रा एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर पर दुख जताते हुए सोमवार को कहा कि मिश्रा ने हमेशा कमजोर तबकों की आवाज उठाई और लंबे समय तक उन्हें याद किया जाएगा। सोनिया ने एक बयान में कहा, ‘‘बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री, केंद्र में मंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष रहते हुए जगन्नाथ मिश्रा कई मौकों पर समाज के वंचित लोगों और हाशिये पर मौजूद वर्गों के लिए खड़े हुए। वह लंबे समय तक याद किए जाएंगे।’’ 
राज्यपाल फागू चौहान ने जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मिश्र एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और अर्थशास्त्र के विद्वान प्राध्यापक थे। उन्होंने तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री के रूप में इस प्रदेश एवं देश की सेवा की। उनके निधन से देश को, विशेषकर बिहार प्रान्त के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मिश्रा एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद थे जिनका बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में भी अमूल्य योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। 
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बिहार सरकार ने जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक तथा उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की है। 
गौरतलब है कि मिश्रा का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक 82 वर्षीय मिश्रा कैंसर से पीड़ित थे और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।