रालोसपा प्रमुख कुशवाहा ने कहा- महागठबंधन में वाम दलों को शामिल करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं - Punjab Kesari
Girl in a jacket

रालोसपा प्रमुख कुशवाहा ने कहा- महागठबंधन में वाम दलों को शामिल करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं

लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के घटक दलों ने बिहार की सभी 40 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ा था

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने राजद, कांग्रेस, रालोसपा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर और विकासशील इंसान पार्टी के महागठबंधन को और भी सशक्त बनाने के लिए इसमें वामदलों को शामिल किए जाने की वकालत करते हुए रविवार को कहा कि इसके लिए प्रयास किया जाएगा। कुशवाहा ने रालोसपा के प्रदेश कार्यालय में आज यहां संवादाताओं को संबोधित करते हुए कहा ‘हमें राज्य में महागठबंधन का विस्तार करना है। 
चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा कि वे उनकी कुशल क्षेम जानने के लिए रांची गए थे। लालू जी अस्वस्थ हैं और उन्हें बेहतर उपचार की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि मुलाकात के दौरान लालू जी से महागठबंधन को कैसे मजबूत किया जाए इस संबंध में बातचीत हुई थी। उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के घटक दलों ने बिहार की सभी 40 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ा था पर कांग्रेस ने एकमात्र सीट किशनगंज जीती थी। 
बिहार के पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा कि इन सीटों पर महागठबंधन के घटक दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पांच विधानसभा सीटें किशनगंज, नाथनगर, बेलहर, सिमरी बख्तियारपुर और दारौंदा के विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई हैं। समस्तीपुर लोकसभा सीट सांसद रामचंद्र पासवान की मौत के कारण खाली हुई थी। 
कुशवाहा ने घोषणा की कि समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर महागठबंधन द्वारा पटना के बापू सभागार में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम के संयोजक होने के नाते इसमें भाग लेने के लिए वे वाम दलों के नेताओं को भी आमंत्रित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।