कृषि कानून के विरोध में RJD ने दिया धरना, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कृषि कानून के विरोध में RJD ने दिया धरना, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

राजद पार्टी ने ट्वीट कर कहा “अब से कुछ ही देर बाद, ठीक 10 बजे से राजद का

नए कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव आज पटना के गांधी मैदान में महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने धरना पर हैं । किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) राजद के पटना के गांधी मैदान में धरना कार्यक्रम की जिला प्रशासन के अनुमति नहीं मिलने के बाद राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता गांधी मैदान के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
राजद की ओर से शनिवार को पटना के गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के पास धरना कार्यक्रम का आयोजन किया जाना था। कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को बाहर निकालकर गांधी मैदान सील कर दिया, जिससे राजद के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। जिला प्रशासन का कहना है कि गांधी मैदान धरना स्थल नहीं है।
इसके बाद राजद के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और गांधी मैदान के गेट नंबर 4 के पास धरने पर बैठ गए। राजद नेता वृषिण पटेल ने कहा कि हमलोग गांधी प्रतिमा के पास संकल्प करने जाने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने तुगलकी फरमान के तहत अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलना चाहती है। इधर, राजद किसान प्रकोष्ठ के सुबोध यादव ने कहा कि कृषि कानून के खिलाफ राजद किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार तुगलकी फरमान के जरिए किसानों को दबाना चाहती है। 
इधर, राजद नेता तेजस्वी यादव भी गांधी मैदान के बाहर पहुंच गए हैं और धरने में शामिल हुए हैं। इससे पहले तेजस्वी ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा,”गोडसे को पूजने वाले लोग पटना पधारे है उनके स्वागत में अनुकंपाई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में गांधी मूर्ति को कैद कर लिया ताकि गांधी को मानने वाले लोग किसानों के समर्थन में गांधी जी के समक्ष संकल्प ना ले सके। नीतीश जी, वहां पहुंच रहा हूं। रोक सको तो रोक लीजिए।”
गौरतलब है कि तेजस्वी ने शुक्रवार को यकहा कि तीन नया कृषि सुधार कानून किसानों की बेहतरी के लिए नहीं बल्कि बर्बादी के लिए है। केंद्र सरकार एक-एक कर सभी उपक्रमों को निजी हाथों में बेच रही है। यही एक क्षेत्र बच रहा था, जिसे भी निजी कंपनियों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे किसी भी कीमत पर अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वह कल सुबह 10 बजे पटना के गांधी मैदान में महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने धरना पर बैठेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने सभी दलों से किसानों को न्याय दिलाने के लिए कल के धरना में शामिल होने और बिहार के किसानों से भी आंदोलन करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि नए कानून में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का जिक्र नहीं है जबकि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। एमएसपी समाप्त कर देने के बाद आखिर किसानों की आय दोगुनी कैसे होगी।
तेजस्वी ने कहा कि सरकार अब किसानों से बातचीत कर रही है जबकि यह बातचीत उसे कृषि कानून लाने से पहले करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि देश में इतनी बड़ी  समस्या आई हुई है लेकिन प्रधानमंत्री  मोदी गायब और मौन हैं। क्या उन्हें किसानों से बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह किसान विरोधी इस सरकार को उखाड़ फेंक कर ही चैन लेंगे।

LJP से निष्कासित होने के बाद बोले केशव सिंह- रामविलास पासवान के बताए रास्ते से भटक गए हैं चिराग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।