Pawan Singh: बिहार के काराकाट लोकसभा क्षेत्र से एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के सामने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा से निकाले जाने के बाद पवन सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
Highlights:
- भाजपा ने पवन सिंह (Pawan Singh) को पार्टी से किया निष्कासित
- भाजपा से निष्कासन पर पवन सिंह का जवाब
- NDA से उपेंद्र कुशवाहा है उम्मीदवार
Pawan Singh: BJP से निष्कासन पर पवन सिंह का जवाब
भाजपा से निष्कासन के बाद सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पवन सिंह ने पोस्ट शेयर कर लिखा, कल भी महाभारत में अभिमन्यु अकेला था। कृष्ण और पांडव के होते हुए चक्रव्यूह में घेरकर राक्षसों ने मारा था। आज भी रण में अभिमन्यु अकेला है, लेकिन जनता उसके साथ है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की है।
कल भी, महाभारत में अभिमन्यु अकेला था
कृष्ण और पांडव के होते हुये
चक्रव्यूह में घेरकर राक्षसों ने मारा था
आज भी रण में अभिमन्यु अकेला है लेकिन जनता उसके साथ है
#KarakatJindabad pic.twitter.com/htFVcN65go
— Pawan Singh (@PawanSingh909) May 22, 2024
BJP ने पत्र जारी कर पवन सिंह को किया निष्कासित
इससे पहले बुधवार को काराकाट संसदीय क्षेत्र से बतौर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह को भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा ने पवन सिंह के नाम से जारी पत्र में कहा कि लोकसभा चुनाव में आप एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के विरूद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। आपका यह कार्य दल विरोधी है। जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा पार्टी अनुशासन के विरूद्ध आपने यह कार्य किया है। पत्र में कहा गया है कि आपको पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
काराकाट में त्रिकोणीय मुकाबला
बता दें कि एनडीए की ओर से काराकाट संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा चुनावी मैदान में हैं, जिनका मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी भाकपा माले के राजाराम सिंह से माना जा रहा है। अभिनेता पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वे काराकाट क्षेत्र से बतौर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे हैं। अब काराकाट में मुकाबला त्रिकोणीय हो चूका है।
(शीर्षक को छोड़कर, यह कहानी पंजाब केसरी स्टाफ द्वारा संपादित नहीं की गई है और एक सिंडिकेटेड फ़ीड से प्रकाशित हुई है )
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।