सुप्रीम कोर्ट करोड़ों रुपये के चारा घोटाले के सिलसिले में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को झारखंड हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत को चुनौती देने वाली CBI की याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए सहमत हो गया है। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, इस मामले पर 25 अगस्त को सुनवाई होने की संभावना है। राजद अध्यक्ष को अप्रैल 2022 में झारखंड हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी।
क्या है मामला?
लालू प्रसाद यादव के खिलाफ चारा घोटाला मामले में कई मामले चल रहे हैं, जिनमें सभी में उन्हें दोषी करार दिया गया। चार मामलों में पहले ही लालू प्रसाद को जमानत मिल गई थी। इस घोटाले से जुड़ा पांचवा मामला रांची के दोरंदा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का था, इस मामले में भी रांची में CBI की स्पेशल कोर्ट ने 2022 में लालू को दोषी करार दिया था और तीन वर्ष की सजा सुनाई। ये चारा घोटाले से जुड़ा सबसे बड़ा मामला था। पूरा चारा घोटाला 900 करोड़ से भी ज्यादा का बताया जाता है।