बिहार पुलिस ने इंटरनेशल बॉर्डर पर घुसपैठ को लेकर एक चौंकाने वाला डेटा जारी किया है। बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार के मुताबिक पिछले 6 महीने 41 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।आपको बता दें सभी विदेशी नागरिक सीमा पर अवैध तरीके से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। दरअसल, हाल ही में बिहार पुलिस ने किशनगंज से 2 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी लेने पहुंचे थे।
प्राथमिकी दर्ज कर मामलों की जांच की जारी
उन्होंने बताया कि इस साल नेपाल, सूडान, म्यांमार, रूस, चेक रिपब्लिक, तिब्बत (चीन), पूर्वी अफ्रीका (युगांडा), उज्बेकिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, संयुक्त राज्य अमेरिका तथा चीन के नागरिकों को बिहार में गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कर मामलों की जांच की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी लेने पहुंचे
दरअसल, दोनों चीन के जियांग्शी प्रांत के रहने वाले हैं। उनके पास भारतीय सीमा में प्रवेश के वैध पासपोर्ट और वीजा नहीं थे। चीनी नागरिकों के पास से दो मोबाइल व करीब 14 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की है।आशंका जताई जा रही है कि दोनों भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी लेने पहुंचे थे।