बिहार विधान परिषद चुनाव : विधान परिषद की सीटों पर नीतीश भाजपा में बनी सहमति - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बिहार विधान परिषद चुनाव : विधान परिषद की सीटों पर नीतीश भाजपा में बनी सहमति

बिहार विधान परिषद की 24 खाली सीटों पर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल

बिहार विधान परिषद की 24 खाली सीटों पर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (यूनाइटेड) ने कई दिनों तक चली बातचीत के बाद शनिवार को सीटों के बंटवारे पर मुहर लगा दी। बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। सीटों पर चर्चा करने के लिए भाजपा की ओर से  उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जायसवाल और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे। इससे पहले यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनके साथ सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की
भाजपा कोटे से एक सीट पर रालोजपा लड़ेंगी चुनाव 
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा 13 सीटों पर और नीतीश कुमार की पार्टी 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा को आवंटित 13 सीटों में से एक सीट उसकी सहयोगी पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को दी जाएगी।
अन्य दलों को विश्वास में लिया जाएगा – विजय चौधरी 
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद बिहार के शिक्षा मंत्री और जद (यू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने उम्मीद जताई कि सत्तारूढ़ गठबंधन सभी 24 सीटों पर जीत हासिल करेगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य घटकों के बारे में पूछे जाने पर यादव और चौधरी दोनों ने कहा कि उन्हें विश्वास में लिया जाएगा।भाजपा और जद (यू) के अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाला हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) बिहार में राजग के दो अन्य घटक दल हैं। 
भाजपा कोटे में आयी सीटे 
भाजपा रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सीवान, दरभंगा, किशनगंज, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि रालोजपा वैशाली से चुनाव लड़ेगी।
 इन सभी सीटों पर जदयू उतारेंगी अपने प्रत्याशी 
उन्होंने कहा कि जद (यू) पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, नवादा और मधुबनी से अपने उम्मीदवार उतारेगी। 
  
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three + 14 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।