Bihar: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों में झड़प, एक की मौत, मां और दूसरा भाई घायल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Bihar: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों में झड़प, एक की मौत, मां और दूसरा भाई घायल

नित्यानंद राय के भांजों के बीच विवाद में गोलीबारी, एक की मौत

भागलपुर में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों के बीच पानी के विवाद में गोलीबारी हुई, जिसमें विश्वजीत की मौत हो गई और जयजीत घायल हो गया। मां को भी गोली लगी और उन्हें पटना रेफर किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर  आ रही है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की के भांजे की गोली लगने से मौत हो गई है। गोली चलाने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका ही भाई है। नित्यानंद राय के दोनों भांजों में झड़प हुई, जिसमें एक ने दूसरे भाई पर गोली चला दी। इस झड़प में विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि जयजीत भी गोली लगने से घायल हो गया है।

एक की मौत, दूसरा घायल

बताया जा रहा है  कि पानी के विवाद को लेकर विश्वजीत और जयजीत में अनबन हुई थी। इस विवाद में भाई ने भाई को गोली मार दी। इसके बाद घायल भाई ने हथियार छीनकर हमलावर भाई को गोली मार दी। इस गोलीबारी में विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई जयजीत बुरी तरह घायल बताया जा रहा है।  इसके बाद दोनों को डॉ एनके यादव के क्लीनिक ले जाया गया, जहां विश्वजीत को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि जयजीत का इलाज क्लीनिक में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद तमाम नेता और अधिकारी नर्सिंग होम पहुंचे हुए हैं। मामले की तहकीकात की जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही परवत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने विश्वजीत यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब मामले की तहकीकात कर रही है। थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि दोनों भाईयों के बीच पानी को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान एक दूसरे पर दोनों भाइयों ने फायरिंग की, जिसमें एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई का इलाज चल रहा है।

मां को भी लगी गोली

दोनों भाइयों के बीच हिंसक झड़प में बचाने आई उसकी मां के हाथ में भी गोली लगी है। मां को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।  बता दें दोनों भाइयों में मरने वाला विश्वजीत बड़ा था।  दोनों भाइयों की उम्र 34-35 साल के करीब होगी। इस घटना के बाद से हड़कंप मच गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।