बिहार के 14 जिलों में 56 लाख 53 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित,4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बिहार के 14 जिलों में 56 लाख 53 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित,4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया

नदियों में जलस्तर में वृद्घि के बाद राज्य के 14 जिलों में 56,53,704 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए

बिहार तथा नेपाल के तराई क्षेत्रों में  बारिश होने के बाद राज्य की सभी नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के कहर से लोग परेशान हैं। नदियों में जलस्तर में वृद्घि के बाद राज्य के 14 जिलों में 56,53,704 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 4,18,490 लोगों को अब तक सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है ।
आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 14 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान एवं मधुबनी में 56,53,704 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें से 4,18,490 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है। 17,554 लोग 19 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं । 
बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 1,358 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है। दरभंगा जिले में सबसे अधिक 18,61,960 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्यों के लिये एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 31 टीमों की तैनाती की गयी है । 
बिहार के इन जिलों में बाढ़ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह एवं धौंस नदी के जलस्तर का बढ़ना है। उल्लेखनीय है कि बिहार में बाढ़ से कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से दरभंगा जिले में सबसे अधिक सात, पश्चिम चंपारण में चार, मुजफ्फरपुर में दो लोगों की मौत हुई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।